क्रिकेट से दूर रह कर भी विराट कोहली बना रहे रिकॉर्ड, बन गए दुनिया के नंबर-1 क्रिकेटर
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) अक्सर मैदान पर तमाम रिकॉर्ड और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते नजर आते हैं। इस बार उन्होंने मैदान के बाहर एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। विराट कोहली की लोकप्रियता का कोई जोड़ नहीं है, ये तो हर कोई जानता है। यहां तक कि अब एक बार फिर से ये बात साबित हो गई है कि विराट कोहली (Virat Kohli) दुनिया के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ी हैं।
जी हां, एक अध्ययन में साबित हुआ है कि 31 साल के कोहली दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट खिलाड़ी हैं। साथ ही, अध्ययन में भारतीय टीम भी सबसे लोकप्रिय टीम के रूप में उभरकर सामने आई है। यह अध्ययन एसईएमरश नाम की संस्था ने किया है। इसमें सबसे हैरानी की बात यह रही कि ऑनलाइन सर्च के मामले में भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने टीम इंडिया के कई बड़े पुरुष क्रिकेटरों को पीछे छोड़ दिया।
इस अध्ययन में पता चला कि कोहली को जनवरी से लेकर जून तक हर महीने औसतन 16.2 लाख बार ऑनलाइन सर्च किया गया, जबकि टीम इंडिया को हर महीने औसतन 2.4 लाख बार सर्च किया गया। कुल मिलाकर कोहली को इस अवधि में गूगल पर 96 लाख बार सर्च किया गया।
वहीं, ऑनलाइन सर्च में टॉप-10 में शामिल होने वाले अन्य खिलाड़ियों में रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, जॉर्ज मैके, जोश रिचर्डस, हार्दिक पांड्या, सचिन तेंदुलकर, क्रिस मैथ्यूज और श्रेयस अय्यर रहे। साल 2020 में जनवरी से जून तक प्रत्येक क्रिकेटर को क्रमश: औसतन 9.7, 9.4, 9.1, 7.1, 6.7, 5.4, 4.1 और 3.4 लाख बार सर्च किया गया।